निंबाहेड़ा।आलोक उच्च माध्यमिक विद्या मंदिर, निंबाहेड़ा के दो मेधावी विद्यार्थियों ने राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा 12वीं वाणिज्य संकाय परीक्षा में 98.80 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय एवं निंबाहेड़ा क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के लिए दोनों विद्यार्थियों को 15 अगस्त 2026 को आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिला प्रशासन, चित्तौड़गढ़ की ओर से प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय के छात्र शेखर कुमावत, पिता डागरा राम कुमावत एवं माता पिस्ता कुमावत तथा छात्रा सुहानी नवलखा, पिता विजय नवलखा ने RBSE कक्षा 12वीं वाणिज्य संकाय में 98.80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। जिला प्रशासन की ओर से प्रदान किए गए दोनों प्रशस्ति-पत्रों में विद्यार्थियों की उपलब्धि को जिले में प्रथम स्थान के रूप में अंकित किया गया है। दोनों विद्यार्थियों ने समान रूप से उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों में महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ा है।

जिला स्तरीय समारोह में मिला सम्मान
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह में दोनों मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उल्लेखनीय शैक्षणिक उपलब्धि के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। इस उपलब्धि से आलोक विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों में हर्ष का माहौल है। समारोह में विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

विद्यालय के पांच विद्यार्थियों का हुआ सम्मान,आलोक उच्च माध्यमिक विद्या मंदिर के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी गौरवपूर्ण है कि विद्यालय के कुल पांच मेधावी विद्यार्थियों को सम्मान प्राप्त हुआ। इनमें दो विद्यार्थियों को जिला स्तर पर तथा तीन विद्यार्थियों को ब्लॉक स्तर पर सम्मानित किया गया। एक ही शैक्षणिक सत्र में जिला एवं ब्लॉक स्तर पर विद्यालय के विद्यार्थियों का सम्मानित होना विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों की मेहनत को दर्शाता है।

मेहनत, लगन और मार्गदर्शन का परिणाम,विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि शेखर कुमावत एवं सुहानी नवलखा की सफलता उनके निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम है। इसमें अभिभावकों के सहयोग तथा शिक्षकों के मार्गदर्शन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम हासिल कर अपने माता-पिता एवं विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। विद्यालय प्रबंधन मौसम तिवारी एवं राजेंद्र कुमार शर्मा ने दोनों मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। निरंतर मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन के माध्यम से विद्यार्थी अपने निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। आलोक विद्यालय परिवार ने जिला स्तर पर दोनों विद्यार्थियों को मिले सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय की शैक्षणिक परंपरा को और मजबूत करने वाली है। दोनों विद्यार्थियों की सफलता से विद्यालय के साथ-साथ निंबाहेड़ा क्षेत्र का भी गौरव बढ़ा है।