निम्बाहेड़ा/ 31 जुलाई से लापता मूक-बधिर बालक बिलाल कुरैशी की तलाश एवं सुरक्षित बरामदगी की मांग को लेकर मंगलवार को निम्बाहेड़ा उपखण्ड कार्यालय में संवेदनशील नजारा देखने को मिला।सर्वोदय मिडिल स्कूल एवं निशात अकादमी के नन्हे-मुन्ने बच्चे हाथों में बिलाल के पोस्टर लेकर उपखण्ड कार्यालय पहुंचे और बिलाल को जल्द से जल्द तलाश कर उसके परिजनों तक पहुंचाने की गुहार लगाई। बच्चों की इस पहल ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और बालक की तलाश के प्रति समाज की संवेदनशीलता सामने आई। इस दौरान बिलाल के परिजनों एवं निम्बाहेड़ा के कई समाजजनों ने भी उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर रेलवे विभाग, RPF एवं GRP को तत्काल सूचना देने तथा रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में बालक की तलाश करवाने की मांग की। परिजनों के अनुसार बिलाल मूक-बधिर होने के कारण अपनी बात ठीक से बताने में असमर्थ है। उसके कोटा, सवाई माधोपुर, आगरा, दिल्ली एवं अमृतसर आदि स्थानों पर जाने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में परिजनों ने रेलवे स्टेशनों के CCTV कैमरों एवं ट्रेनों में निगरानी बढ़ाकर बालक की तलाश करने की मांग की है। समाजजनों एवं परिजनों ने आमजन से अपील की है कि बिलाल कहीं भी दिखाई दे या उसके संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल अशवाक कुरैशी के मोबाइल नंबर 9950749772 पर सूचना दें। बिलाल की सुरक्षित वापसी के लिए बच्चों से लेकर समाज के विभिन्न वर्गों तक लोगों ने एकजुट होकर प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।