गरोठ। नगर पालिका द्वारा संचालित "घर-घर दस्तक अभियान" के तहत बुधवार सुबह 7 बजे मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) गिरीश शर्मा ने वार्ड क्रमांक 2, 11 एवं 14 का औचक निरीक्षण कर विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ शर्मा ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और समय-सीमा की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक बिना किसी अनावश्यक विलंब के पहुंचे तथा नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
सीएमओ ने स्पष्ट किया कि "घर-घर दस्तक अभियान" का उद्देश्य विकास कार्यों की नियमित निगरानी, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण करना है, ताकि नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इस दौरान निकाय के इंजीनियर, जल शाखा प्रभारी मांगीलाल शर्मा, प्रभारी स्वच्छता पर्यवेक्षक सुरेश मालवीय एवं रामपाल नरवाल, विद्युत शाखा प्रभारी मुकेश मिरोलिया, वाहन प्रभारी जगदीश मालवीय, नरेश व्यास, मुकेश विश्वकर्मा, मोहन लोहार, किशन सिंह सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।