नीमच में आईजी का सख्त संदेश: नशे के सौदागरों को नहीं मिलेगी कोई राहत" "नशा तस्करों पर शिकंजा, साइबर अपराधियों पर भी पैनी नजर : आईजी गुप्ता" "युवाओं को नशे से बचाना प्राथमिकता, एमडी ड्रग्स के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान"
04 Jun 2026
Local News
नशे के नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा प्रहार,एमडी ड्रग्स तस्करों को आईजी की चेतावनी,
नीमच। उज्जैन जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राकेश गुप्ता ने गुरुवार को नीमच पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेने के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में स्पष्ट किया कि पुलिस का सबसे बड़ा फोकस अब नारकोटिक्स अपराधों पर रहेगा। उन्होंने कहा कि नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी तथा किसी भी स्तर पर तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए आईजी गुप्ता ने कहा कि विशेष रूप से एमडी ड्रग्स के बढ़ते नेटवर्क पर पुलिस की पैनी नजर है। इसके विरुद्ध व्यापक अभियान चलाकर तस्करी की जड़ों तक पहुंचने और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना पुलिस की प्राथमिकता है।
साइबर अपराधों पर विशेष निगरानी
आईजी ने साइबर अपराधों को वर्तमान समय की गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए तकनीक आधारित पुलिसिंग को और मजबूत किया जा रहा है। आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सड़क सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। पुलिस विभाग सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और प्रभावी यातायात प्रबंधन पर भी कार्य करेगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ेगा सीसीटीवी नेटवर्क
आईजी राकेश गुप्ता ने बताया कि अपराध नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए जनसहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में भी सीसीटीवी कैमरों का नेटवर्क विकसित किया जाएगा। इससे अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ जांच और निगरानी व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
पत्रकार वार्ता में निमिष अग्रवाल, राजेश व्यास सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।