नीमच । प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजयसिंह कल 29 अप्रैल शनिवार को नीमच जिले के कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं से रूबरू होंगे। इससे पहले नीमच जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह भाटखेड़ा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित जिले की जनता से अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अन्य भागों सहित नीमच जिले की जनता भाजपा सरकार की विफलताओं से परेशान है। भानुप्रताप ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व नीमच के भाजपा प्रतिनिधियों के खोखले वादों, चारों ओर फैले भ्रष्टाचार तथा हर मोर्चे पर विफलता से जनता परेशान हो चुकी है। अब नीमच सहित प्रदेश की जनता आने वाले विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन के लिए कमर कस चुकी है। एक बयान जारी श्री राठौड़ ने कहा कि साल 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ व पूर्व मुख्यमंत्री व दिग्गज नेता दिग्विजयसिंह के नेतृत्व में प्रदेश में अन्य भागों की तरह ही नीमच जिले में भी कांग्रेसजन एकजुट है। अब षडयंत्र पूर्वक प्रदेश की सत्ता पर कब्जा जमा कर बैठी भाजपा को उखाड़ फेंकने के लिए कमर कस चुके है। कांग्रेस की विकासोन्मुख एवं साफ-सुथरी सरकार बनाने के लिए व्यापक तैयारियां जारी है। अपने बयान में श्री राठौड़ ने कहा कि प्रदेश व नीमच जिले के लिए भाजपा की सरकार एक अभिशाप साबित होती रही है। भाजपा की सरकार ने सरकारी योजनाओं व कल्याणकारी नीतियों को सही नीयत से लागू नहीं किया। इसलिए विकास पूरी तरह से रुक गया। चारों ओर भ्रष्टाचार का बोलबाला है । भाजपा की सरकार व उसके मुखिया, मंत्री तथा विधायकों के साथ ब्यूरोक्रेसी का सिंडिकेट गले-गले तक भ्रष्टाचार में डूबा है। चारों ओर अराजकता का माहौल है।