चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन,मामला बजरी माफिया का,पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह जाड़ावत ने लगाए आरोप
03 Jun 2025
Crime News
चित्तौड़गढ़ जिले में अवैध बजरी खनन और बढ़ते अपराधों को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह जाड़ावत के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने चित्तौड़गढ़ के जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी को ज्ञापन सौंपा और बजरी माफियाओं की गुंडागर्दी पर चिंता जताई। पूर्व राज्यमंत्री जाड़ावत ने कहा कि जिले में बजरी माफियाओं का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि अब हत्या जैसी घटनाएं भी हो रही हैं। कानून-व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है और आम लोग डर और दहशत के माहौल में जीने को मजबूर हैं। उन्होंने बताया कि अफीम तस्करी के बाद अब अवैध बजरी परिवहन एक बड़ा धंधा बन गया है, जिससे बड़ी मात्रा में काली कमाई हो रही है। इसमें कुछ जनप्रतिनिधियों की संलिप्तता भी सामने आ रही है। माफिया राज के कारण गरीब और मध्यम वर्ग के लोग महंगी दरों पर बजरी खरीदने को मजबूर हो रहे हैं, जिससे उनका घर बनाना भी मुश्किल हो गया है। साथ ही, सरकार को भी करोड़ों का राजस्व नुकसान हो रहा है।
'चित्तौड़गढ़ में हालात और खराब हो सकते है',जाड़ावत ने आरोप लगाया कि प्रशासन और सत्ता में बैठे लोग इस अवैध कारोबार को संरक्षण दे रहे हैं, जिससे आमजन में निराशा और आक्रोश बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पहले भी कई बार सार्वजनिक मंचों से इस मुद्दे को उठाया,लेकिन कार्रवाई नहीं होने के कारण अब हालात और बिगड़ते जा रहे हैं। हाल ही में सेमलपुरा चौराहे पर हुई हत्या इसकी गंभीरता को दर्शाती है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर माफियाओं और उन्हें संरक्षण देने वालों का पर्दाफाश नहीं किया गया, तो चित्तौड़गढ़ में हालात और खराब हो सकते है। उन्होंने कहा कि यह शहर शक्ति और भक्ति की नगरी के रूप में जाना जाता है, लेकिन निजी स्वार्थ के कारण इसे अपराध का केंद्र बना दिया गया है, जो बेहद शर्मनाक है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को जब इस मामले की जानकारी दी गई तो उन्होंने भी ट्वीट कर चिंता जताई। आखिर में एसपी सुधीर जोशी ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि बजरी माफियाओं पर जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को बहाल रखा जाएगा।