नाकाबंदी तोड़ी, गाड़ी पलटी, दो तस्कर घायल, पुलिस ने खेतों में दबोचा
30 Apr 2025
Crime News
छोटीसादड़ी । जिले में नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए छोटीसादड़ी पुलिस ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। नाकाबंदी तोड़कर भागते समय इनकी कार तेज रफ्तार में पलटी खा गई, जिससे दो आरोपी घायल हो गए। घायल अवस्था में खेतों की ओर भागने की कोशिश कर रहे तस्करों को पुलिस ने दौड़कर दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद कार से 89 किलो 200 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। यह कार्रवाई एसपी विनीत कुमार बंसल के निर्देशन में छोटीसादड़ी थानाधिकारी प्रवीण टांक की टीम द्वारा की गई है। शनिवार को बरवाड़ा नाका चौकी पर उपनिरीक्षक नारायणलाल अपनी टीम के साथ नाकाबंदी कर रहे थे। दोपहर करीब एक कार कारंडा मोड़ की तरफ से आती दिखाई दी। पुलिस ने कार को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने बैरिकेड्स को नजरअंदाज करते हुए गाड़ी को तेज रफ्तार से बरवाड़ा देवल रोड की ओर दौड़ा दी। पुलिस भी बिना समय गंवाए तुरंत पीछा करने लगी। भागते समय कार इतनी तेज थी कि चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सड़क से फिसलते हुए असंतुलित होकर पलट गई। तेज धमाके की आवाज से इलाका दहल उठा और कार सड़क किनारे खेतों में जाकर रुक गई। पलटने के बाद कार के दरवाजे टूटे और उसमें फंसे आरोपी बुरी तरह घायल हालत में बाहर निकले। पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए खेतों में दौड़ लगाकर दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।दोनों आरोपी मादक पदार्थों की अवैध तस्करी में लंबे समय से संलिप्त हैं : तलाशी के दौरान कार के अंदर पांच कट्टे मिले, जिनमें कुल 89 किलो 200 ग्राम डोडाचूरा भरा हुआ था। पुलिस ने कार और मादक पदार्थ को तुरंत कब्जे में लिया और घटनास्थल से थानाधिकारी प्रवीण टांक ने उच्च अधिकारियों को सूचित किया।पकड़े गए आरोपियों की पहचान ललित गर्ग पुत्र सुखलाल गर्ग, निवासी पारलिया, थाना बड़ीसादड़ी, जिला चित्तौड़गढ़ और भगतराम गुर्जर पुत्र बाबूलाल गुर्जर, निवासी बरवाड़ा गुर्जर, थाना छोटीसादड़ी, जिला प्रतापगढ़ के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी मादक पदार्थों की अवैध तस्करी में लंबे समय से संलिप्त थे। थाना छोटीसादड़ी पर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों से पूछताछ जारी है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि वे मादक पदार्थ को जिले में सप्लाई करने की फिराक में थे।