नीमच। हमारे जिले की पुलिस को खासकर अफीम व डोड़ाचूरा पकड़ने महारथ हासिल है, लेकिन विडंबना है कि तस्‍कर अक्‍सर पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब हो जाते है। इस बार सरवानिया महाराज चौकी क्षेत्र के गांव आमली भाट का तस्‍कर भीमा पुलिस रतनगढ़ पुलिस को बेवकूफ बनाकर भागने में कामयाब हो गया। हालांकि पुलिस बड़े ही जोशीले अंदाज में कार्रवाई को अंजाम देती है, लेकिन अंत में फिसड्डी साबित हो जाती है। इस बार भी ऐसा ही हुआ। पुलिस के अनुसार तस्‍कर ने अंधेरे का फायदा उठा लिया, लेकिन डीकेन पुलिस ने यह नहीं बताया कि उनकी कमजोर आंखों ही उन्‍हें धोखा दे गई।दरअसल डीकेन पुलिस ने रविवार को अलग-अलग माध्‍यम से एक प्रेसनोट जारी किया। देर रात डीकेन पुलिस को मुखबीर से अवैध डोडाचूरा के परिवहन करने के संबंध में सूचना प्राप्त होने पर उक्त सूचना पर पुलिस चौकी डीकेन थाना रतनगढ की टीम द्वारा कार्यवाही करते हुए नीमच-सिंगोली रोड़ कन्जार्डा तिराहे पर पहुंचकर नाकाबन्दी की। नाकाबन्दी के दौरान मोरवन तरफ से मुखबीर द्वारा बताये हुलिये का एक सफेद रंग की महिन्द्रा कम्पनी की बोलेरो पीकअप वाहन पर काला त्रिपाल ढका हुआ आती दिखाई। जिसमें दो व्यक्ति बैठे हुए दिखे। पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास करते पिकअप चालक ने वाहन को रोकते पिकअप वाहन के चालक वाली सीट के पास वाली सीट पर बैठा एक व्यक्ति पिकअप की फाटक खोलकर खेतों तरफ भागा, जिसका पीछा फोर्स द्वारा किया गया। लेकिन उक्त व्यक्ति अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया तथा पिकअप वाहन के चालक को घेराबंदी कर पकड़ा तथा पिकअप वाहन चालक से नाम पता पूछते उक्त व्यक्ति ने अपना नाम करण पिता मुरली जाति रावल भुईया (25) निवासी गंगा जी का खेड़ा पुलिस थाना चन्देरिया जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) का होना बताया। वाहन चालक से पिकअप वाहन से भागे व्यक्ति का नाम पता पूछते पिकअप वाहन से भागे व्यक्ति का नाम भीमा भट्ट निवासी ग्राम आमली भाट थाना जावद जिला नीमच (म.प्र.) का होना बताया गया।उक्त पिकअप वाहन की तलाशी लेते पिकअप में पीछे बाडी में 35 काले रंग के प्लास्टिक के कट्टों में कुल 630 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम का डोडा चूरा छिलका भरा हुआ मिला। जिसे जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाकर मौके की सम्पूर्ण कार्यवाही कर आरोपी गणों के विरुद्ध थाना रतनगढ़ पर अपराध धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया जाकर आरोपी से जप्तशुदा अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा लाने ले जाने के स्रोतों के संबंध में पूछताछ की जा रही है तथा प्रकरण में मौके से फरार आरोपी भीमा भट्ट निवासी ग्राम आमली भाट थाना जावद जिला नीमच (म.प्र.) की तलाश एंव जब्तशुदा वाहन के वाहन स्वामी के पतारसी के प्रयास कर विवेचना की जा रही है।पुलिस इसे सफलता बता रही है लेकिन देखा जाए तो पुलिस को चकमा देकर आरोपी भाग जाना पुलिस की विफलता है। हालांकि पुलिस ने फरार आरोपी भीमा भट्ट के खिलाफ एनडीपीएस एक्‍ट की धारा में मामला तो पंजीबद्ध किया है।