प्रतापगढ़/नीमच। कानून की आड़ में महिला की जिंदगी तबाह करने और उसे लगातार ब्लैकमेल कर प्रताड़ित करने वाले जावद निवासी आरोपी वकील लोकेश प्रजापत पिता गोपाल प्रजापत के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे आज गिरफ्तार कर लिया है। जलोदा जागीर थाना पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी ने पीड़िता को ब्लैकमेल करते हुए उसके साथ कई बार जबरन दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, अपनी करतूतों पर पर्दा डालने और पीड़िता को सामाजिक रूप से बदनाम करने के लिए उसने पीड़िता के आपत्तिजनक फोटो व वीडियो इंस्टाग्राम और फेसबुक पर वायरल कर दिए तथा पीड़िता के पति का सोशल मीडिया अकाउंट भी हैक कर लिया।
पीड़िता को जब इस बात का विरोध करने का प्रयास किया तो आरोपी लोकेश प्रजापत ने अपने वकील होने का रौब दिखाया और पूरे परिवार को झूठे केस में फंसाकर जेल भेजने तथा जान से मरवाने की धमकियां देकर पीड़िता को आत्महत्या के मुहाने पर लाकर खड़ा कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जलोदा जागीर थाना पुलिस ने आरोपी लोकेश प्रजापत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1), 351(3) सहित सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की विभिन्न संगीन धाराओं (66D, 67, 67A, 67B) में प्रकरण दर्ज किया था। घटना के बाद से लगातार बचते फिर रहे फरार आरोपी वकील को पुलिस टीम ने आज सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।