नीमच। मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नीमच कैंट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 किलो 150 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम जब्त की है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत करीब 51 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 को उपनिरीक्षक जाकिर हुसैन मंसूरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजस्थान के जोधपुर निवासी सुमेर राम पिता अन्नाराम विश्नोई, उम्र 43 वर्ष, अपने साथ अवैध अफीम लेकर राजस्थान जाने वाली बस के इंतजार में खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे वाले कपड़े के बैग से चार थैलियों में भरी कुल 10.150 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया तथा थाना नीमच कैंट में अपराध क्रमांक 425/2026, धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया। पुलिस आरोपी से जब्त अफीम के स्रोत और उसके नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। कार्रवाई में नीमच कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा, उपनिरीक्षक जाकिर हुसैन मंसूरी सहित आरक्षक अंकित मीढ़, अल्केश बैरागी, सुरेश माली, रामनारायण एवं भानुप्रताप सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।