नीमच। जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच नारकोटिक्स विंग नीमच ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 45 किलो अवैध डोडाचूरा से भरी एक बोलेरो जब्त की है। मामले में गिरफ्तार आरोपी खुद को भाजपा के सहकारिता प्रकोष्ठ का मनासा विधानसभा प्रभारी बताता था और उसकी गाड़ी पर इसी पदनाम की नेमप्लेट लगी हुई थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी के साथ सप्लाई चेन से जुड़े तीन अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया है।नारकोटिक्स विंग को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम चपलाना निवासी ईश्वरलाल राठौर बोलेरो क्रमांक MP 09 WB 7163 में बड़ी मात्रा में डोडाचूरा लेकर क्षेत्र में सप्लाई करने जा रहा है। सूचना में यह भी बताया गया था कि वाहन में गहरे काले कांच लगे हैं, ताकि पुलिस जांच से बचा जा सके। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक तेजेन्द्र सिंह सेंगर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर चपलाना गांव के समीप नाकाबंदी की गई। कुछ देर बाद संदिग्ध सफेद बोलेरो वहां पहुंची। पुलिस ने वाहन रोककर तलाशी ली तो उसमें से 45 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। बोलेरो के आगे लाल रंग की नेमप्लेट पर ‘विधानसभा प्रभारी सह. प्रकोष्ठ भाजपा मनासा’ लिखा हुआ था। पुलिस ने आरोपी ईश्वरलाल राठौर को मौके से गिरफ्तार कर लिया तथा मादक पदार्थ और बोलेरो दोनों को जब्त कर लिया।