नयागांव/जावद। नीमच जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस चौकी नयागांव थाना जावद को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सांगवान ट्रेवल्स की बस में सफर कर रहे सात आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छह अलग-अलग बैगों में भरा कुल 65 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावद हर्ष राठौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जावद निरीक्षक मनोजसिंह जादौन के नेतृत्व में चौकी प्रभारी नयागांव राजेन्द्रसिंह सिसौदिया की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 1 अगस्त 2026 की रात विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजस्थान की ओर जाने वाली बस में अवैध मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर नीमच-निंबाहेड़ा फोरलेन टोल नाके के पास नाकाबंदी कर सांगवान ट्रेवल्स बस क्रमांक एमपी-44-जेडएफ-4005 की तलाशी ली गई। जांच के दौरान यात्रियों के छह अलग-अलग बैगों से डोडाचूरा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों में रणजीतसिंह, अजयकुमार, अमरजीत, रविन्द्रसिंह, मंगतसिंह, जसविन्द्रसिंह और रणजीतसिंह शामिल हैं। सभी आरोपी राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के विभिन्न गांवों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में पुलिस चौकी नयागांव की टीम की भूमिका को सराहनीय बताया गया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।