नीमच। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत रतनगढ़ थाना अंतर्गत जाट पुलिस चौकी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 क्विंटल 28 किलो 180 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके पांच साथी फरार हो गए। कार्रवाई में डोडाचूरा,एक महिंद्रा पिकअप,एक मारुति ऑल्टो कार और मोबाइल सहित करीब 89 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल तथा एसडीओपी जावद हर्ष राठौर के निर्देशन में थाना प्रभारी रतनगढ़ निरीक्षक भूरालाल भावर एवं चौकी प्रभारी जाट उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह सांखेर की टीम ने मुखबिर की सूचना पर गोल डूंगरी चौराहा,जाट पर नाकाबंदी की। इस दौरान राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार थाना क्षेत्र निवासी अर्जुन पिता देवा बंजारा (25) को पकड़ लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 26 प्लास्टिक कट्टों में भरा 5 क्विंटल 28 किलो 180 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। तस्करी में प्रयुक्त महिंद्रा पिकअप (RJ 06 GD 2672) एवं फरार आरोपियों द्वारा उपयोग की गई मारुति ऑल्टो (RJ 06 CD 6492) भी जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
जब्त सामग्री
5 क्विंटल 28 किलो 180 ग्राम डोडाचूरा (कीमत लगभग ₹79.22 लाख)
महिंद्रा पिकअप वाहन,मारुति ऑल्टो कार
एक एंड्रॉयड मोबाइल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।